अमेठी।
“एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम पर आधारित 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अमेठी जनपद के जवाहर नवोदय विद्यालय, गौरीगंज में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, छात्रों, शिक्षकों और आम जन तक सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री (खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग) सतीश चंद्र शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार (प्रबंध निदेशक, उ.प्र. राज्य विद्युत उत्पादन निगम), जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, एवं अनेक प्रशासनिक अधिकारी और जनपदवासी शामिल हुए।
योग प्रशिक्षकों धर्मेंद्र कुमार वर्मा, प्रेम सुधा सिंह, एवं शैलेश ओझा ने उपस्थित जनसमूह को योग के विविध आसनों का अभ्यास कराया तथा उनके लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन और राष्ट्रीय योग अभ्यास का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे सभी ने गंभीरता से देखा और उसके बाद सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।
इस अवसर पर मा. मंत्री जी ने कहा कि “योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवनशैली का अंग है जिसे सभी को अपनाना चाहिए।” वहीं, नोडल अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार ने योग को बीमारियों से बचाव का प्राकृतिक उपाय बताते हुए नियमित योग का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत मंत्री, जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस भव्य आयोजन के साथ-साथ जनपद के सभी तहसीलों, ब्लॉकों, थानों, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, स्टेडियमों, वृद्धाश्रमों आदि में भी योग अभ्यास कार्यक्रम संपन्न हुए। योग प्रशिक्षकों द्वारा लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया गया और दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की प्रेरणा दी गई।
इस ऐतिहासिक दिन पर अमेठी जिले में योग का उत्सव देखने को मिला। हर वर्ग के लोगों ने उत्साह से भाग लेकर यह साबित कर दिया कि योग भारत की प्राचीन धरोहर ही नहीं, बल्कि आधुनिक जीवन की आवश्यकता है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





