प्रतापगढ़, अशोक मिश्रा –
जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक कैम्प कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्रों, पीने के पानी, विद्युत कनेक्शन, शौचालय, पुष्टाहार वितरण और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस की उपलब्धता एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की प्रत्येक स्तर पर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक ही किया जाए। साथ ही निर्देशित किया गया कि हैंडवॉश और साबुन की व्यवस्था हर केन्द्र पर अनिवार्य रूप से हो, ताकि बच्चों को हाथ धोने की आदत डाली जा सके और डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य ने जानकारी दी कि जनपद की सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर समुदाय आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं और पंजीकृत लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त “आंगनबाड़ी चलो अभियान” के तहत रैलियों द्वारा जनजागरूकता का कार्य भी किया जा रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 3 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन केन्द्रों की वजन मापने की मशीनें खराब हैं, उनके लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर नई मशीनें मंगवाई जाएं ताकि 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के विकास की सही मॉनिटरिंग की जा सके।
बैठक में पोषण ट्रैकर पोर्टल पर फीडिंग की स्थिति, सैम (गंभीर रूप से कुपोषित) बच्चों की पहचान व ट्रैकिंग, एल्बेन्डाजोल टैबलेट्स का वितरण, नई नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की जांच, तथा आंगनबाड़ी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
इस बैठक में जिला विकास अधिकारी के.एन. पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





