महोबा, उत्तर प्रदेश।
जिले के अजनर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक शराब ठेकेदार से करीब 5.5 लाख रुपये की नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया। यह वारदात भररे पहाड़िया इलाके में उस वक्त हुई जब ठेकेदार बिक्री की रकम लेकर वापस लौट रहा था।
घटना का विवरण:
पीड़ित ठेकेदार सुधांशु कुमार दीक्षित, निवासी जैतपुर कस्बा, मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित सेट सीगौन और चमरुआ गांवों में अपने शराब ठेकों से बिक्री की रकम और रसीदें लेकर लौट रहे थे। भररे पहाड़िया क्षेत्र में बघौरा और बुधवारा गांव के बीच, अचानक तीन अज्ञात बदमाशों ने बाइक से आकर सुधांशु पर डंडों से हमला कर दिया। ठेकेदार के घायल होते ही बदमाशों ने बाइक में टंगा रुपयों और दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रबल प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और सीओ कुलपहाड़ हर्षिता गंगवार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी के निर्देश पर जनपदीय एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है। साथ ही, सीओ कुलपहाड़ के नेतृत्व में विशेष जांच टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।
मामला दर्ज, जांच जारी:
पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और मारपीट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और वारदात का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल:
सरेशाम हुई इस लूट की वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना दिया है, बल्कि पुलिस की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरा इलाका सतर्क है और पुलिस की जांच चल रही है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





