धौरहरा, सीतापुर। विकास भारती
लहरपुर क्षेत्र के ग्राम धौरहरा में चल रहे चतुर्दश श्री शत चंडी महायज्ञ, संत सम्मेलन एवं श्रीमद्भागवत कथा के पावन आयोजन में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यज्ञाचार्य पंडित राधा मोहन अवस्थी ने विधिपूर्वक पूजाअर्चना की, वहीं वैदिक मंडल के आचार्यों ने मंत्रोच्चार करते हुए यज्ञ मंडप में प्रवेश कर विधिवत पूजा सम्पन्न कराई।
संत सम्मेलन के विशेष आकर्षण के रूप में अयोध्या से पधारे कथक कथाकार शरण मिश्रा ने नृत्य और संगीत के माध्यम से माता सीता की कथा का भावपूर्ण चित्रण किया। उनके इस अभिनव प्रयोग ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और राम-सीता की पावन कथा की अनुभूति मानो साक्षात करवा दी।
इस पावन अवसर पर क्षेत्रीय सपा विधायक अनिल वर्मा ने भी आयोजन में भाग लेकर आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।
कथा व्यास ने अपने प्रवचनों में श्रीराम नाम की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा, “कलियुग में श्रीराम नाम ही भवसागर को पार करने का एकमात्र उपाय है। राम नाम के जप से पापों का नाश होता है और जीवन की समस्त विपत्तियाँ दूर हो जाती हैं।” उन्होंने आगे कहा, “राम से बड़ा राम का नाम है, जो दुष्ट और पापी को भी सुधरने का अवसर देता है। राम नाम कामधेनु के समान है, जो हर मनोरथ को पूर्ण करता है।”
इस आयोजन में सूर्य प्रसाद दीक्षित, पूर्व डाक विभाग अधीक्षक अवधेश दीक्षित, फैमिली केयर हॉस्पिटल के डॉ. अरविंद दीक्षित, उमेश दीक्षित, पत्रकार अंकित दीक्षित, रिंकू शुक्ला, सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और क्षेत्रवासी श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्म का अनुपम वातावरण रहा।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





