लालगंज, प्रतापगढ़। रिपोर्ट- शुभम
जनपद में शनिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोगों ने नमाज अदा कर खुदा से नेकी, अमन और बरक्कत की दुआ मांगी।
इस पावन अवसर पर खानापट्टी, खालसा सादात, जलेशरगंज, धारूपुर, कुम्भीआइमा, शुकुलपुर, सलेम भदारी, बाबूगंज, हण्डौर, जमालपुर, रानीगंज कैथौला सहित कई इलाकों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
त्यौहार को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में मस्जिदों व ईदगाहों पर विशेष साफ-सफाई के इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह राहगीरों को शरबत पिलाया गया, जिससे भाईचारे और सौहार्द का संदेश देखने को मिला।
वहीं, प्रशासन की ओर से भी त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा एवं सीओ रामसूरत सोनकर ने क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





