बकरीद पर प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और खुले में मांस बिक्री पर रोक: सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

SHARE:

हर्षित श्रीवास्तव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जून में पड़ने वाले प्रमुख धार्मिक आयोजनों—गंगा दशहरा (5 जून), बकरीद (7 जून) और भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा (24 जून)—को देखते हुए सोमवार को कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बकरीद के अवसर पर किसी भी प्रतिबंधित पशु जैसे गाय, नीलगाय या ऊंट की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी की अनुमति होगी, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर नमाज़ पढ़ने की अनुमति नहीं होगी।

❝ आस्था का सम्मान ज़रूरी है, लेकिन कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ❞

– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अवैध स्लॉटर हाउस और खुले मांस विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध स्लॉटर हाउस पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वैध स्लॉटर हाउस में भी निर्धारित संख्या से अधिक पशु न रखे जाएं, और खुले में मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित की जाए।

गंगा दशहरा पर स्वच्छता और विशेष आरती

मुख्यमंत्री ने 4 जून को स्वच्छता अभियान और 5 जून को गंगा घाटों पर विशेष आरती कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों को अलर्ट पर रखा गया है।

पर्यावरण व योग दिवस को लेकर विशेष अभियान

5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसमें सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। वहीं, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी जिलों में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता

सीएम योगी ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि रोड इंजीनियरिंग, साइनेज, स्पीड ब्रेकर की स्थिति सुधारी जाए। अवैध बस और ऑटो स्टैंड हटाए जाएं तथा दुर्घटनाओं का ऑडिट कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए।

Harshit Shrivastav
Author: Harshit Shrivastav

Sahara jeevan newspaper

Leave a Comment

Pelli Poola Jada Accessories
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई