मोहम्मद असलम लखीमपुर खीरी:
आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने के उद्देश्य से सोमवार को खीरी पुलिस चौकी पर पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीओ (क्षेत्राधिकारी) समेश कुमार तिवारी ने की। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी श्री विनीत कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक श्री विवेक उपाध्याय, चौकी प्रभारी साधना यादव सहित नगर के अन्य कर्मचारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। नगर के सम्मानित नागरिकों, समाजसेवियों, नगर पंचायत के सदस्यगण और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की। बैठक में चेयरपर्सन प्रतिनिधि फहीम अहमद के भाई अतीक अहमद, पूर्व चेयरपर्सन श्री गुफरान अहमद,सईद एडवोकेट, सदस्य गण और बकरीद के अवसर पर कुर्बानी कराने वाले विभिन्न मदरसों के जिम्मेदार लोग भी मौजूद रहे। इन सभी ने प्रशासन के साथ मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में मुख्य रूप से बकरीद के अवसर पर कुर्बानी को लेकर विशेष दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। सीओ समेश कुमार ने कहा कि त्योहार सभी समुदायों के आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक होता है। उन्होंने सभी से अपील की कि कुर्बानी के समय कानून व्यवस्था का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करें, कुर्बानी बंद में ही करें। शासन की गाइडलाइन का पालन करें। कुर्बानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर ना डालें साथ ही स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। थाना प्रभारी विवेक उपाध्याय ने बताया कि त्योहार के दिन नगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया।कुर्बानी का वीडियो बनाकर कतई वायरल न करें उन्होंने कहा कि बकरीद से एक दिन पहले भी एक मीटिंग की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार ने नगर निकाय की ओर से सफाई, कूड़ा निस्तारण और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही सभी कर्मचारियों को त्योहार के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। चौकी प्रभारी साधना यादव ने नागरिकों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही।
पूर्व चेयरमैन गुफरान अहमद ने बैठक के दौरान कहा कि कुर्बानी बंद स्थानों पर ही की जाए और खून को नालियों में न बहाया जाए। उन्होंने लोगों से स्वच्छता और नियमों का पालन करने की अपील की।
बैठक में मौजूद नगर के सभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे बकरीद को पूरी गरिमा व शांति के साथ मनाएंगे और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
यह बैठक न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुई, बल्कि प्रशासन व जनता के बीच आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करने का कार्य किया।खीरी पुलिस की यह पहल समाज में शांति, सद्भाव और विश्वास कायम रखने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





