लखनऊ में दिल्ली की तरह मेट्रो का विस्तार होगा। आठ नए रूटों पर मेट्रो चलाने का प्रस्ताव है। सरकार से मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। चारबाग से वसंत कुंज तक मेट्रो का दूसरा चरण जल्द पूरा होगा। इसके बाद तीसरे चरण में इंदिरानगर से अनौरा कलां तक मेट्रो चलेगी।
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मेट्रो की रफ्तार और तेज होने जा रही है। दिल्ली की तर्ज पर यहां भी मेट्रो कनेक्टिविटी को विस्तार देने की तैयारी चल रही है। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने शहर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने के लिए आठ नए रूटों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिया है।
जैसे ही सरकार से इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलेगी, अगले चरण की मेट्रो परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। माना जा रहा है कि चारबाग से वसंत कुंज तक चल रही सेकंड फेज की परियोजना के दौरान ही नए रूटों की योजना पर अमल शुरू कर दिया जाएगा। इस प्रस्ताव में एक और बड़ी योजना शामिल है – मेट्रो को बाराबंकी तक ले जाने की तैयारी भी की जा रही है। अगर यह योजना साकार होती है, तो राजधानी की सीमाओं से बाहर के जिलों तक मेट्रो का सफर और भी आसान व सुगम हो जाएगा। यह कदम लखनऊवासियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा, साथ ही ट्रैफिक के दबाव को भी कम करेगा। अब देखना होगा कि सरकार इस प्रस्ताव पर कब मुहर लगाती है और मेट्रो का अगला सफर कब शुरू होता है।
*तीसरे फेज में इंदिरानगर से अनौरा कलां तक मेट्रो संचालन की उम्मीद*
ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में चरणबद्ध विस्तार की तैयारी
लखनऊ। ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर के दूसरे चरण में चारबाग से वसंत कुंज तक मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इस चरण को पूरा करने का लक्ष्य पांच वर्षों में रखा गया है। वहीं, इस परियोजना के तीसरे फेज को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, दूसरे फेज के पूरा होने के बाद तीसरे चरण में मेट्रो को इंदिरानगर से अनौरा कलां तक विस्तार देने की योजना है। यह रूट लगभग 9.27 किलोमीटर लंबा होगा। उल्लेखनीय है कि इस रूट पर मेट्रो संचालन के लिए हाईकोर्ट भी सरकार को आदेश दे चुका है, जिससे इस दिशा में प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। जानकारों का मानना है कि इंदिरानगर से अनौरा कलां के बीच ट्रैफिक जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए इस रूट को तीसरे फेज में शामिल किया जाना बेहद जरूरी है। इस विस्तार से न केवल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि शहर के इस हिस्से की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।फिलहाल लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (LMRC) द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार किए जाने की उम्मीद है, जिसे राज्य सरकार और केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





