पूर्व सैनिकों के सम्मान में गूंजे देशभक्ति के नारे, काशी प्रांत अध्यक्ष तिवारी रहे मुख्य अतिथि सुल्तानपुर (दोस्तपुर)।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद काशी प्रांत के तत्वावधान में आज दोस्तपुर टाउन एरिया में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के सम्मान में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रभक्ति से सराबोर आयोजन में पूर्व सैनिकों के साथ-साथ एनसीसी कैडेट्स, स्कूल स्टाफ, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा की शुरुआत जोश और उल्लास के साथ हुई। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर वीर सैनिकों का स्वागत किया गया। आयोजन में पूर्व सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए स्थानीय अध्यक्ष द्वारा जलपान की उत्तम व्यवस्था की गई।कार्यक्रम में काशी प्रांत अध्यक्ष श्री रेवती रमण तिवारी एवं सूबेदार मेजर श्री गौरी शंकर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री शर्मा के नेतृत्व में पूरी यात्रा की व्यवस्थाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “अमर शहीद ज़िंदाबाद”, “वंदे मातरम्” जैसे नारों से पूरा दोस्तपुर देशभक्ति में डूब गया। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा की दृष्टि से विशेष प्रबंध किए जिससे यात्रा शांतिपूर्ण रूप से पूर्ण हुई। यात्रा के पश्चात आयोजित सभा में वक्ताओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पृष्ठभूमि और देशहित में उसके महत्व पर प्रकाश डाला। सभा का मुख्य आकर्षण श्री तिवारी द्वारा प्रस्तुत की गई ओजस्वी राष्ट्रभक्ति कविता रही— “भारत माता के शेर हैं हम, घर में घुसकर शीश उतरेंगे।नस्ली भी काँपेगी घर में घुसकर, इतना गोली मारेंगे।भोलेनाथ के बच्चे हैं हम, घूँट ज़हर का पी लेंगे। कश्मीर तुम भूलो बेटा, हम लाहौर-कराची छीनेंगे।” कार्यक्रम के समापन पर संगठन की नई ज़िम्मेदारियाँ घोषित की गईं। सूबेदार मेजर गौरी शंकर शर्मा को सर्वसम्मति से सुल्तानपुर जिला अध्यक्ष तथा सूबेदार बाबूराम यादव को दोस्तपुर ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल पूर्व सैनिकों के गौरव का प्रतीक बना, बल्कि युवाओं के मन में देशसेवा की भावना को और अधिक प्रबल कर गया।
रिपोर्ट – प्रेमचंद्र श्रीवास्तव , दोस्तपुर
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





