स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत चंद्रप्रभा शिवसागर कॉलेज में हुआ भव्य आयोजन लालगंज, प्रतापगढ़।
सुजाखर बेनीमाधव नगर स्थित चंद्रप्रभा शिवसागर कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सोमवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत आयोजित एक भव्य समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह बबलू द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि कॉलेज के 27 मेधावी छात्र-छात्राओं — वैशाली सिंह, दीपक यादव, आशीष वर्मा, देवेन्द्रमणि, अरुण वर्मा, प्रशान्त श्रीवास्तव आदि — को स्मार्टफोन वितरित किए।
अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि यह युग तकनीकी ज्ञान का है, और छात्र-छात्राओं को टैबलेट जैसी डिजिटल सुविधाएं प्रदान करना उनके भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक कदम है। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के विचारों और उनके युवा प्रेरणादायक व्यक्तित्व पर भी चर्चा हुई, जिसमें उन्हें युवाओं के चरित्र निर्माण का स्तम्भ बताया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य उदयराज वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि संचालन त्रिभुवन नाथ तिवारी ने किया। कार्यक्रम में महेश कुमार मौर्य, दिलीप कुमार, सुनील श्रीवास्तव, साधना विश्वकर्मा, रीना मौर्या, प्रधान संघ अध्यक्ष रोहित सिंह, राजू मिश्र व राजकुमार तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





