चरखारी (महोबा):
संवाददाता: अभिनय सिंह चंदेल
चरखारी विकास खंड परिसर में भीषण गर्मी के बीच पीने के पानी की गंभीर समस्या सामने आई है। परिसर में लगे चार हैंडपंप खराब हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों और फरियादियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही परिसर में लगा एकमात्र वाटर कूलर भी खराब स्थिति में है — उसकी टोटी टूटी हुई है, जिससे वह उपयोग लायक नहीं रह गया है। सिर्फ जलस्रोत ही नहीं, परिसर की साफ-सफाई भी बदहाल है। जलस्रोत के पास बने शौचालय के गेट टूटे पड़े हैं, जिससे वहाँ गंदगी और बदबू फैल रही है। इस कारण लोग परिसर में उपलब्ध पानी पीने से भी कतराने लगे हैं।
क्षेत्रीय गांवों से आने वाले फरियादी और ग्रामी ण अब परिसर के बाहर से पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। परिसर में टूटे पेड़ों का ढेर और जमी हुई गंदगी न सिर्फ स्वच्छता अभियान पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं, बल्कि आमजन की सुविधा को भी प्रभावित कर रहे हैं।
बीडीओ विपिन गुप्ता का वर्जन:
ब्लॉक विकास अधिकारी विपिन गुप्ता ने कहा है कि उन्हें इस समस्या की जानकारी प्राप्त हो गई है और वे शीघ्र ही परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराएंगे। फिलहाल क्षेत्रवासियों में नाराज़गी और निराशा का माहौल है। सभी की यही अपेक्षा है कि प्रशासन जल्द से जल्द पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
Author: Harshit Shrivastav
Sahara jeevan newspaper





