लालगंज, प्रतापगढ़। सांगीपुर में क्षेत्र पंचायत समिति की हुई बैठक में तीन करोड़ से अधिक की ग्रामीण विकास से जुडी योजनाओं पर वित्तीय मंजूरी की मुहर लगी। वहीं बैठक में सांगीपुर के बाल विकास परियोजना अधिकारी उदय मिश्र ने लगातार बैठक से गैरहाजिरी को लेकर सदस्यों में भारी आक्रोश देखा गया। हालांकि प्रधानों व बीडीसी सदस्यों में खण्ड शिक्षा अधिकारी जंगीलाल मौर्य की भी गैरहाजिरी को लेकर नाराजगी देखी गयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बबलू ने कहा कि गांव के विकास को मजबूत आधार देने के लिए यहां योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता तथा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता जारी रहेगी। उन्होनें प्रधानों तथा बीडीसी सदस्यों से कहा कि जनापेक्षी मजबूत विकास के लिए वह सक्रिय भूमिका निभाएं। खण्ड विकास अधिकारी अभिषेक सिंह ने बैठक में कार्यवृत्ति प्रस्तुत किया। उन्होने खण्ड स्तरीय विभिन्न योजनाओं की प्रगति से भी सदस्यों को विस्तार से अवगत कराया। सदस्य राजू मिश्र ने बाल विकास परियोजना के द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों में अनियमितता का मुददा जोरशोर से उठाया। इस पर लगातार बैठकों में गैरहाजिर रहने वाले सीडीपीओ उदय मिश्र के खिलाफ सदस्य कार्रवाई की मांग पर अड़े दिखे। वहीं सदस्यों ने खण्ड शिक्षा अधिकारी जंगीलाल मौर्य की गैरहाजिरी को भी गैरजबाबदेह ठहराया। खण्ड विकास अधिकारी अभिषेक सिंह ने दोनों गैरहाजिर अधिकारियों के खिलाफ डीएम को रिपोर्ट भेजवाए जाने का भरोसा दिलाकर सदस्यों के आक्रोश को ठण्डा किया। बैठक में पशुधन विकास अधिकारी डा. धर्मेन्द्र तथा अवर अभियंता इं. सुभाषचंद्र शर्मा व जेई रमेशचंद्र शुक्ल ने परियोजनाओं से जुड़े निर्माण कार्य में सदस्यों का सहयोग मांगा। संचालन सचिव विजय यादव ने किया। इस मौके पर जिपंस रिंकू सिंह परिहार, लल्लन सिंह, अशोकधर द्विवेदी, कुंवर बहादुर सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष रोहित सिंह आदि मौजूद रहे।





